शमशान घाट के पास गैस वेल्डिंग की दुकान में शुक्रवार सुबह भट्ठी में अचानक ब्लास्ट हो गया। जब तक लोग दुकान पर आए तब तक दुकान मालिक प्रवीण कुमार उर्फ कुकू (37) की मौत हो चुकी थी। प्रवीण दुगरी, प्रीत नगर में रहता था और मूल रूप से अंबाला का रहने वाला था। सूचना के बाद बस स्टैंड चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एएसआई चांद अहिर ने बताया कि शमशानघाट के पास प्रवीण की कुकू वेल्डिंग के नाम से गैस वेल्डिंग की दुकान है।
वह दुगरी के प्रीत नगर में रहता है। सुबह करीब 10.30 बजे वह अपनी दुकान पर आया और काम शुरू किया। आधे घंटे बाद अचानक भठ्ठी में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के घरों की दीवार तक हिलने लगी। आस पड़ोस के लोगों ने बाहर आकर देखा तो भट्ठी फटने के कारण प्रवीण की मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मृतक के परिवार वालों के बयान पर पुलिस ने 174 की कार्रवाई की है।