लखनौर टी-प्वाइंट के पीछे स्थित शराब ठेके पर हथियारों से लैस चार युवकों ने शुक्रवार देररात सेल्समैन को गोली मार दी और वहां से नकदी लूट ले गए।
घायल को जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया गया है। सूचना पर थाना सोहाना की पुलिस मौके पहुंची और जांच की। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
,प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे के करीब जब तेज बारिश हो रही थी। उसी दौरान हथियारों से लैस नकाबपोश चार युवक ठेके पर पहुंचे। उन्होंने पहले ठेके वालों से शराब की बोतल मांगी। जैसे ही ठेकेवाला बोतल निकालने के लिए पीछे मुड़ा, तो एक लुटेरे ने ठेके के गल्ले में हाथ डालकर कैश निकालना शुरू कर दिया। ठेके पर तैनात सेल्समैन रविदर सिंह (24 ) ने इसका विरोध किया, तो लुटेरों ने उस पर गोली चला दी।
साथ ही कैश लेकर भाग गए। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। साथ ही घायल को जीएमसीएच-32 ले गए। उसके पेट के निचले हिस्से में गोली लगी है। अभी तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना सोहना के एसएचओ सतवंत सिंह सिद्धू ने बताया कि घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई है।
अभी तक 20 हजार कैश लूटने की बात सामने आ रही है। वारदात के बाद पुलिस ने नाकाबंदी करके लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की, परंतु समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली थी।
ठेके से कुछ दूर खड़ी करके आए थे गाड़ी
लोगों ने बताया कि लुटेरे ठेके से कुछ दूरी पर अपनी गाड़ी खड़ी की थी। पूरी प्लानिंग से वह ठेके पर पहुंचे थे। उन्हें पता था कि उस समय ठेके पर लोग कम होते हैं।
दूसरा गाड़ी ठेके से दूर होने पर उसका नंबर तक भी लोग नोट नहीं कर पाए है। हालांकि लोगों का कहना है कि तीन युवकों के पास देसी कट्टे थे, जबकि एक युवक के पास रॉड नुमा हथियार था।
कुछ दिन बाद है युवक की शादी
घायल हुए सेल्समैन की पहचान रविंदर कुमार निवासी नुरपुर जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। युवक की छह दिन के बाद शादी है।
इन दिनों में शादी की शॉपिंग में व्यस्त था। जल्दी ही उसे शादी के लिए घर जाना था।