जिनकी इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर हो चुकी है या होने वाली है। उनके लिए ये खबर सावधान करने वाली है। पंजाब पुलिस ने नोएडा में सक्रिय एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो उन लोगों को संपर्क कर अपने जाल में फंसा लेते थे, जिनकी इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर हो चुकी होती थी।
जालंधर की देहात पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने दो ऐसे जालसाजों को काबू कर लिया है, जो नोएडा में बैठकर ठगी की दुकान चला रहे थे। दोनों ने देश के कई हिस्सों में लोगों को चूना लगाया था। उनके खिलाफ जालसाजी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। इस गोरखधंधे में इंश्योरेंस कंपनी के मुलाजिमों की मिलीभगत सामने आ रही है। इसकी जांच की जा रही है।
एसएसपी जसप्रीत सिंह सिद्धू, एसपी डिटेक्टिव हरकंवलप्रीत सिंह ने बताया कि डिप्स स्कूल महतपुर की प्रिंसिपल रजनी बेरी की शिकायत थी कि उनके साथ जालसाजी की गई है। रजनी ने एक प्राइवेट कंपनी से इंश्योरेंस कराया था और पॉलिसी मैच्योर होने पर रजनी के पास टोल फ्री नंबर से फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को इंश्योरेंस कंपनी का अधिकारी बताकर बात की। उसने कहा कि पैसा अदा होते समय आपका टीडीएस कटेगा, जिसके लिए खाता खोलना होगा और बाद में आपको रिफंड दिया जाएगा।
इस चक्कर में डालकर पूरी डिटेल जालसाजों ने फोन पर रजनी से ले ली। रजनी का चेक जब कोरियर कंपनी में आया तो जालसाजों ने उसके नाम की जाली आईडी दिखाकर न केवल उसका कोरियर ले लिया बल्कि उसके नाम का खाता बैंक में खुलवाकर चेक भी कैश करवा लिया।
कई प्रदेशों में लोगों को अपना शिकार बनाया है
एसपी ने बताया कि जांच में पुलिस को पता लगा कि यह धंधा कपिल कुमार पुत्र बगवाल सिंह निवासी सुमरत गढ़ी सासनी जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश अस्थायी निवासी गोबिंद विहार दियालपुर नार्थ ईस्ट दिल्ली, सौरभ सिंह पुत्र मनोज सिंह निवासी तिवारी चौक विलियम स्टोन बी-देवगढ़ झारखंड अस्थायी निवासी सोम बाजार गली नंबर तीन कमरा नंबर 5 छलेरा नोएडा चला रहे हैं।
दोनों इसी तरह किसी और को ठगने चक्कर में पंजाब आए हैं और लांबड़ा इलाके में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया।
एसपी ने बताया कि दोनों युवक पहले इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत थे और वहां से नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने ठगी के कारोबार की दुकान खोल रखी थी। उनकी सेटिंग इंश्योरेंस कंपनी के मुलाजिमों से थी, जो उनको पॉलिसी मैच्योर होने वाले उपभोक्ताओं की पूरी सूची मुहैया करवाते थे।
एसपी के मुताबिक दोनों ने पंजाब, हिमाचल, उड़ीसा, महाराष्ट्रा समेत कई प्रदेशों में लोगों को अपना शिकार बनाया है। इसका ब्यौरा जुटाया जा रहा है। जांच के दायरे में इंश्योरेंस कंपनी के मुलाजिम भी हैं।