नौंवी की छात्रा से रेप करने के कामयाब न हो पाए तो दरिंदों ने छात्रा की टाई से गला घोंटकर हत्या कर डाली। सनसनीखेज मामला सामने आया पंजाब के गुरदासपुर में।
छात्रा रिटायर्ड पुलिसकर्मी की बेटी थी और गुरदासपुर सदर थाना क्षेत्र के सिमरण अस्पताल के पास अपने परिवार के साथ एक किराए के मकान में रहती थी। हत्यारों ने घटना को दुराचार के प्रयास में असफल होने पर अंजाम दिया।
घटना शुक्रवार शाम की है। छात्रा की मां के बयान पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
स्कूल से घर वापस लौटने पर हुई घटना
जिले के गांव दुल्लेवाल निवासी रिटायर्ड एएसआई बताया कि उसकी बेटी शुक्रवार को रोज की तरह स्कूल गई थी। वह दशमेश पब्लिक स्कूल (बंडवाल) में नौंवी कक्षा की छात्रा थी।
थाना प्रभारी कुलजिंदर सिंह तथा एएसआई सुदेश कुमार ने बताया कि छात्रा की माता भी सरकारी कर्मचारी है। शुक्रवार को छात्रा के स्कूल जाने के बाद उसके माता-पिता भी घर से बाहर चले गए। उनके वापस लौटने से पूर्व ही छात्रा घर लौट आई। पिता ने बताया कि वह गुरदासपुर गए थे। जब वह शाम करीब पांच बजे घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी बेटी का शव बरामदे में रखे बेड पर पड़ा पाया।
छात्रा की टाई से गला घोंटकर हत्या
उनका आवास आबादी क्षेत्र के बाहरी इलाके में है। उन्होंने तत्काल ही इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार मौके पर शव की स्थिति देख ऐसा लगा कि कुछ लोगों ने छात्रा के साथ पहले दुराचार की कोशिश की थी।
जब छात्रा ने विरोध किया तो उन्होंने गले में पड़ी टाई से ही छात्रा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
माता-पिता ने गोद ली थी बेटी
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार छात्रा के पिता रिटायर्ड एएसआई ने दो शादी की थी। पहली शादी से उसके दो बेटे हुए। बाद में उसने अपनी साली के साथ दूसरी शादी कर ली, लेकिन दूसरी पत्नी से बच्चे न होने पर उसने अपने एक रिश्तेदार से मामले से संबंधित छात्रा को बेटी के तौर पर गोद लिया था।