भाजपा जिला उपप्रधान नीरज जिंदल
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के जिला उपप्रधान व फाइनेंसर नीरज जिंदल की कार को रोककर हमलावरों ने उनसे और उनके साथी से मारपीट कर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार नीरज अपने साथी हिमांशु गोयल के साथ धौला में अपने दफ्तर से बरनाला की तरफ आ रहे थे। तभी हंडिआया चौक के पास कार पर सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने ओवरटेक करके उनकी कार रोक ली और उनपर हमला कर दिया।
हमलावरों ने बेसबॉल बैट और हथियारों से उनकी कार के चारों शीशे तोड़कर उन पर भी कई वार किए और मारपीट की। इसमें कार चला रहे नीरज जिंदल और हिमांशु गोयल गंभीर घायल हो गए। उन्हें राहगीरों की मदद से सिविल अस्पताल बरनाला में भर्ती करवाया गया।
नीरज जिंदल ने बताया कि वह फाइनेंस का काम करते हैं और भाजपा के उप जिला प्रधान हैं। वह बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अपने काम से बरनाला लौट रहे थे कि अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। नकाबपोश हमलावर कार में सवार थे। उन्होंने उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की। इसी बीच उन्हें कार से निकलने का भी मौका नहीं मिला।
जब वह कार से बाहर निकले तो हमलावरों ने उन पर भी बेसबॉल व रॉड से हमला कर दिया। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है। इधर, थाना सदर की चौकी हंडियाया के इंचार्ज गुरसिमरनजीत सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है। वे सिविल अस्पताल बरनाला में पीड़ित के बयान दर्ज करने जा रहे हैं। बयान दर्ज करने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।