महिला के सिर, बाजू व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगी हैं। लोगों ने बताया कि वारदात स्थल पर दो पुलिस वाले खड़े थे, एक एएसआई रैंक का था, उसके पास सर्विस पिस्तौल भी थी लेकिन जब शातिर महिला पर तलवार से वार कर रहे थे, उसे देख पुलिस वाले कार में बैठकर खिसक गए। आसपास के ढाबे व दुकानदारों ने एंबुलेंस बुलाकर जख्मी महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया। पूरी वारदात को दुकानदारों ने कैमरे में कैद कर लिया है। पुलिस ने गांव वजीदपुर से एक इकबाल नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूचना पाकर वारदात स्थल पर पहुंचे एसपी जीएस चीमा ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जख्मी महिला को अस्पताल पहुंचा दिया है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।
उधर, सिविल अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता कैलाश का कहना है कि उस पर चार लोगों ने तलवारों से हमला किया है, वे किसी कत्ल केस में अदालत में गवाही देकर घर लौटने के लिए बस पकड़ने बाज चौक पहुंची थी।
करीब चार साल पूर्व आरोपियों के पारिवारिक सदस्य का हुआ था कत्ल
गांव वजीदपुर निवासियों का कहना है कि तकरीबन चार साल पूर्व आरोपियों के एक पारिवारिक सदस्य का कत्ल हुआ था। आरोपियों को शक है कि यह कत्ल उक्त महिला के इशारे पर हुआ है। महिला अब गांव वजीदपुर में भी नहीं रहती है। सोमवार को अदालत में केस की तारीख थी। महिला कैलाश अदालत में गवाही देने पहुंची थी। अदालत से गवाही देने के बाद जब वह अपने घर लौट रही थी कि आरोपियों ने उसे जान से मारने के लिए तलवारों से हमला बोल दिया।