मलौया स्थित गुरुद्वारे के पास निर्माणाधीन ग्रीन बेल्ट में कार्यरत ठेकेदार और कर्मचारियों पर कुछ युवकों ने बुधवार देर रात हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, हमलावरों के पास किरपाण और अन्य हथियार थे।
प्राप्त जानकारी अनुसार, मलौया स्थित गुरुद्वारे के पास बन रही ग्रीन बेल्ट में बुधवार रात ठेकेदार और कर्मचारी आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बोलेरो पर कुछ युवक वहां आ गए और इन पर हमला कर दिया। हमले में ठेकेदार करणदीप, कर्मचारी सुनील और राजू घायल हो गए।
हमलावरों के जाने के बाद ठेकेदार ने 100 नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पीसीआर पुलिस ने घायलों को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल पहुंचाया। यहां कर्मचारी सुनील और राजू की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। ठेकेदार करणदीप को सिर में हल्की चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार कर दो घंटे बाद घर भेज दिया गया।
अकेली अस्पताल पहुंचीं मेयर
घटना की जानकारी मिलते ही मेयर पूनम शर्मा बिना किसी सुरक्षा अकेली अस्पताल पहुंच गईं। वह खुद गाड़ी ड्राइव कर यहां पहुंचीं थीं। उन्होंने घायल ठेकेदार करणदीप से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद वह पीजीआई भी गईं। यहां उन्होंने डॉक्टरों ने घायल कर्मचारियों से जानकारी ली।
आईजी से करेंगे शिकायत
मेयर शर्मा ने बताया कि मामला काफी गंभीर है। आए दिन मलौया में असामाजिक तत्व ऐसी वारदात को अंजाम देते हैं। मेयर के अनुसार, ठेकेदार से पहचान करवाने के बाद वह मामले की लिखित शिकायत आईजी से करेंगी।
पीसीआर पुलिस देख भागे
घटना के बाद मौके पर पहुंचीं मेयर ने पुलिस अधिकारियों को फोन किया तो देर रात मलौया में पीसीआर की कई गाड़ियां मलौया पहुंच गईं। इस दौरान मलौया स्थित स्नेहालय के बाहर खड़े करीब दो दर्जन युवक अपनी गाड़ियों पर भाग खड़े हुए। पीसीआर पुलिस ने युवकों का कुछ देर पीछा भी किया, लेकिन युवक फरार हो गए।