सेक्टर-43 की जिला अदालत में एक एडीए के साथ दो महिलाओं सहित तीन लोगों ने हाथापाई हुई।
महिलाओं ने सरकारी वकील पर उसका केस खराब करने का आरोप लगाया। घटना वीरवार दोपहर की है। सेक्टर-36 पुलिस ने सहायक जिला अटार्नी यूटी जितेंद्र पाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई के साथ साथ सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास किया है।
सरकारी वकील जेसिंह जेएमआईसी जसविंदर सिंह की अदालत से कोर्ट का काम खत्म करके बाहर आया था। बाहर आने के बाद एक महिला एक युवक के साथ उसके पास आई और उसका नाम और मोबाइल नंबर पूछने लग गई, लेकिन शिकायतकर्ता ने नाम और मोबाइल नंबर देने से इंकार कर दिया।
इसके बाद महिला जोर जोर से शोर मचाने लग गई। साथ में आए युवक ने कहा कि तुस्सीं साडे वकील हो अपणा मोबाइल नंबर दस्सो।
शिकायतकर्ता के अनुसार महिला का कोर्ट में केस लगा हुआ था। एडीए ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि जब वह अपने कमरे में आया और फाइलें ठीक करने लगा। यह फाइलें सेक्टर-17 पुलिस थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर जसविंदर कौर लेकर आई थीं।
वहां पर बाहर शोर मचाने वाले महिला फिर से युवक और एक अन्य महिला के साथ उसके कमरे में घुस आई। तीनों आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की और उसे काम करने से रोका।
इस मौके पर एसआई जसविंदर कौर भी मौके पर ही मौजूद थी। उसने मौके पर हस्तक्षेप कर आरोपियों को हटाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी महिला ने उसे धमकी दी कि वह हाईकोर्ट के एक जज की रिश्तेदार है।
उस समय जिला अटार्नी राजेंद्र सिंह के अलावा अन्य लोगों भी मौजूद थे। जब उसने जांच की तो पता चला कि आरोपी महिला का नाम डोली है और उसके साथ आए युवक का नाम रणबीर है।
तीसरी आरोपी महिला रा नाम शिकायतकर्ता को नहीं पता है। शिकायतकर्ता एडीए के अनुसार आरोपी महिला सेक्टर-39 पुलिस में दर्ज छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में शिकायतकर्ता है, जिसकी वीरवार को अदालत में सुनवाई थी।
अदालत में वीरवार को आरोप तय हुए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौच भी की है। शिकायतकर्ता सरकारी वकील ने आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप तय करवाए हैं।
डीएसपी साउथ एसएस मलिक का कहना है कि एडीए की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।