एक शिकायत का निपटारा कराने के बदले महिला से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते थाना टिब्बा के एएसआई को विजिलेंस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी एएसआई के निजी कारिंदे को भी काबू किया गया है। वह ही सेटिंग करवा रहा था।
विजिलेंस की टीम ने जगदीशपुरा मोहल्ला में ट्रैप लगाकर एएसआई को काबू किया। इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने राम नगर की रहने वाली दलजीत कौर की शिकायत पर एएसआई सतनाम सिंह और निजी व्यक्ति बलबीर ढिल्लों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी एएसआई बलबीर ढिल्लों के घर ही पैसे लेने पहुंचा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। दोनों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
एसएसपी विजिलेंस रविंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि दलजीत कौर की एक शिकायत थाना टिब्बा में लंबित थी। इसकी जांच एएसआई सतनाम सिंह के पास थी। आरोपी पिछले काफी समय से उक्त शिकायत को निपटाने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी ने 1.40 लाख रुपये की मांग की थी लेकिन दलजीत कौर उतने पैसे नहीं दे पाई। इसके बाद उसकी मुलाकात बलबीर ढिल्लों से हुई।
बलबीर ढिल्लों ने 60 हजार रुपये में फैसला करवा दिया। 20 हजार रुपये की पहली किश्त देने का समय शुक्रवार को तय किया गया था। पैसे बलबीर ढिल्लों के घर पर देने थे। इसी दौरान दलजीत कौर ने विजिलेंस के पास शिकायत दे दी। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने ट्रैप लगाया और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।