कैप्टन अभिमन्यु के घर पर आगजनी का आरोपी
- फोटो : amar ujala
रोहतक में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी जलाने के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को एसआईटी ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी राहुल का दोबारा रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट ने पुलिस की अर्जी खारिज करते हुए राहुल को भी न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेज दिया।
एसआईटी ने मामले में पकड़े गए किलोई निवासी सुमित, दीपक, राहुल और मोहित सहित एक अन्य को कोर्ट में पेश किया। सभी आरोपी अलग अलग रिमांड अवधि पर थे। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से कई संदिग्धों की भी पहचान करवाई गई।
अभी बहुअकबरपुर गांव निवासी नरेंद्र बल्हारा 7 दिन के पुलिस रिमांड पर है। बता दें कि जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुए उपद्रव में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की सेक्टर 14 स्थित कोठी को जला दिया गया था। जिसमें 40 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के लिए डीएसपी सिद्धार्थ ढांडा के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई। अभी तक कुल 18 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।