एकम हत्याकांड में नाभा जेल में बंद सीरत कौर ढिल्लों ने जेल सुपरिंटेेंडेंट पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। सीरज ने जज को दी शिकायत में कहा है कि जेल अधीक्षक उसे प्रताड़ित करते हैं और उस पर भद्दे कमेंट करते हैं। विरोध करने पर धमकाते हैं। कोर्ट ने सीरत की एप्लीकेशन को मंजूर कर लिया है। साथ ही जेल डिपार्टमेंट को दो दिन में आरोपी अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
सीरत ने जज को दी अपनी शिकायत में कहा है कि जेल सुपरिंटेंडेंट करनजीत सिंह संधू ने उसे अपने कमरे में बुलाकर कहा कि यदि वह चाहे तो उसे जेल में सारी सुविधाएं मिल सकती हैं। जेल में कोई उसे परेशान भी नहीं करेगा, वह आराम से रह सकती है। जेल में ही शराब का इंतजाम भी वह करवा देंगे। सीरत का आरोप है कि उसने संधू की बात मानने से इनकार किया तो वह गुस्से से भर गया। उसके साथ अभद्रता पर उतर आया। जब वह ऑफिस से निकलने लगी तो दुपट्टा खींचकर रोकने की कोशिश की। लेकिन वह वहां से चली आई।
सीरत ने बताया कि उसने अपने वकील के माध्यम से जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। सीरत के वकील मनजिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि उनकी तरफ से बुधवार को कोर्ट में एप्लीकेशन फाइल कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अदालत ने जेल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
जेल अधीक्षक ने किया खंडन
जेल सुपरिंटेंडेंट ने सीरत के आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। जेल में कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा सिक्योरिटी होती है। उन्होंने कहा डीआईजी भी शाम को ही मामले की जांच करके गए हैं।