मोरिंडा रोड पर प्राइवेट सिंडीकेट की बस बेकाबू होकर पलट गई। इस कारण बस में सवार लगभग एक दर्जन सवारियां घायल हो गईं।
इलाके के लोगाेें ने सवारियों को बस से निकाला। हादसे के दौरान बस चालक और कंडक्टर मौके से भाग गए। हादसा शनिवार बाद दोपहर उस समय हुआ, जब पटियाला से नंगल को जा रही प्राइवेट सिंडीकेट की बस अचानक मोरिंडा रोड पर गार्डन वैली स्कूल के समीप बेकाबू होकर पलट गई।
बस में सफर कर रहे सोहनलाल और हरमनजीत कौर ने बताया कि चालक बस को काफी तेज रफ्तार से चला रहा था। इसी दौरान बस ने आगे जा रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की।
इस कारण बस बेकाबू हो गई। चालक ने ब्रेक लगाकर बस को काबू करने की कोशिश की। लेकिन बस की रफ्तार तेज होने के कारण सड़क पर ही पलट गई। हालांकि बस सड़क किनारे खाई में गिरने से बच गई।
बस में लगभग तीन दर्जन सवारियां सफर कर रही थीं। लोगों ने मौके पर ही ऐबुलेंस 108 को फोन पर सूचना दी। इसी दौरान हरमनजीत कौर और सोहनलाल के अतिरिक्त एक दर्जन के लगभग सवारियों को चोटें लगीं। लोगों ने सवारियों को संभालते हुए समीप के अस्पतलों में भेजा।
गौरतलब है कि प्राइवेट बसों के चालक सवारियों के चक्कर में बसों को तेज रफ्तार से भगाते हैं। जिसका नुकसान कई बार सवारियों को भुगतना पड़ता है। लोगों ने इस मामले की जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए प्राइवेट बस चालकों पर लगाम लगाने की मांग की है।