आरोपी गौरव ने बताया कि पिस्तौल वह जींद में अपने किसी जानकार से कुछ समय पहले ही लेकर आया था। वह नशे का आदी है। वारदात को उसने अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी पर देर रात आर्म्स एक्ट और लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी ने पूछा तो बोला- पहले मेरे बाप से बात कर लो...
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक के चेहरे पर डर या अपराध बोध नहीं झलक रहा था। डीएसपी गुरमेल सिंह ने उससे पूछताछ की तो बोला- पहले मेरे बाप से बात कर लो...।
गांव सिरटा में सबसे बड़ा जमींदार परिवार है आरोपी का
जिला कैथल के गांव सिरटा में आरोपी गौरव का सबसे बड़ा जमींदार परिवार बताया गया है। वह अपने माता पिता का इकलौता पुत्र है। उसके चाचा गांव के सरपंच रह चुके हैं और परिवार राजनीति में भी अच्छी पकड़ है। गौरव के रवैये से परिवार के सदस्य भी नाराज बताए जा रहे हैं। गौरव के पिता की कैथल के सेक्टर-20 स्थित पॉश इलाके में एक कोठी है और वह यहीं रह रहा है।
बीबीए की पढ़ाई छोड़ कर बीए में दाखिला लिया है
आरोपी गौरव डॉ. भीमराव आंबेडकर पीजी कॉलेज जगदीशपुरा कैथल में बीबीए का छात्र रहा है। गौरव ने बीच में ही बीबीए की पढ़ाई छोड़कर बीए में दाखिला लिया है। वहीं जब उसके कॉलेज के स्टाफ ने गौरव के बारे में कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया।
अध्यक्ष ने उठाई सेक्टर-17 में पुलिस पोस्ट की मांग
सेक्टर-17 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश्वर गोयल ने बताया कि सीन आफ क्राइम की टीम ने भी मौके मुआयना किया। इधर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में पूरे घटनाक्रम को देखा। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सेक्टर-17 में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए या पुलिस पोस्ट की व्यवस्था हो।