ड्यूटी से घर लौट रहे एक व्यक्ति के साथ दो युवकों ने लूटपाट की। व्यक्ति ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी। शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान 35 वर्षीय संजय निवासी लाइनपार के रूप में हुई है। संजय पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम करता है।
गुरुवार को ड्यूटी खत्म होने के बाद पैदल ही घर की ओर चल दिया। जब दुर्गा कॉलोनी के पास पहुँचा तो सुनसान स्थान पर दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। उक्त युवकों ने संजय पर पिस्तौल तान मोबाइल व पांच हजार रुपये लूट लिए। जब संजय ने लूटपाट का विरोध किया तो युवकों ने गोली चला दी और फरार हो गए।
गोली संजय के पेट में लगी। गोली लगने के बाद मदद के लिर शोर मचाता हुआ संजय वहां से भागा। लोगों की नजर पड़ी तो उसे संभाला और शहर ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। फिलहाल संजय की हालत गम्भीर है। उसके बयान नहीं हो पाए हैं।
वारदातस्थल को लेकर दो थानों की पुलिस में संशय बना हुआ है। दरअसल, जहां वारदात हुई है वहां लाइनपार और सेक्टर छह थाने की सीमाएं नजदीक लगती हैं। इसलिए देर रात तक दोनों ही पुलिस जांच में लगी थी। घायल के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।