शशिभूषण ने आरोप लगाया कि वह करीब 40 दिन से पुलिस के चक्कर काट रहा है, परंतु पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। इतना ही नहीं पुलिस ने उसकी पिटाई भी की है। दूसरी तरफ पुलिस ने आरोपों को नकारा है। पुलिस के अनुसार शशिभूषण का अपनी पत्नि के साथ विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
मंगलवार को दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। कालका के सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर शिवानी ने बताया कि पुलिस एक व्यक्ति को अस्पताल लेकर आई है। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष थी। आग की वजह से 50 से 60 प्रतिशत जल चुका था। पिंजौर थाना प्रभारी हरविंदर सिंह ने बताया कि व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या करने की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी तरफ शिकायतकर्ता संध्या निवासी रतपुर कॉलोनी पिंजौर ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2007 में शशिभूषण राय निवासी लोहगढ़ के साथ हुई थी। उसका शशिभूषण के साथ नशा करने के कारण आपस में झगड़ा चल रहा है। मारपीट, तलाक आदि को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है। वह कोर्ट से जारी होने वाले समन को रिसीव नहीं करता था।
आरोपी ने उसे डराने के लिए अपने पेट में कैंची भी मार ली थी। मंगलवार को उसके खिलाफ थाने में शिकायत दी। आरोपी थाने में ही गाली गलौज करने लगा। इसके बाद अपने ऊपर तेल डालकर कपड़ों में आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। शिकायतकर्ता संध्या का कहना है कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता है। उसको और परिवार को आरोपी से जान का खतरा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या करने की कोशिश समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।