चचेरे भाई की अस्थियों को गंगा में विसर्जित करने जा रहे युवक की कार को टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसा कोहरे के कारण केजीपी के जीरो प्वाइंट पर हुआ। हादसे में युवक की मौत हो गई और उसका साथी बुरी तरह से घायल हो गया। उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। युवक के चचेरे भाई की तीन दिन पहले दिल्ली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
दिल्ली के गांव बाजीतपुर का रहने वाला दीपक अपने दोस्त आशीष के साथ ईको वैन में सवार होकर यूपी के गढ़ मुक्तेश्वर जा रहा था। उनके आगे चल रही गाड़ी में उसके चचेरे भाई विक्की की अस्थियां गंगा में प्रवाहित के लिए जा रही थी। जब वह दिल्ली से केजीपी पर चढ़ने के लिए जीरो प्वाइंट पर पहुंचे तो इसी दौरान एक टैंकर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी आगे डिवाइडर से टकराकर टैंकर के हेल्पर की तरफ की साइड में खड़ी हो गई।
हादसा सुबह घने कोहरे के कारण हुआ। हादसे में दीपक व आशीष बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामान्य अस्पताल भेजा गया। जहां पर चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया गया।
केजीपी पर टैंकर की टक्कर से ईको वैन सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कुलदीप देशवाल, थाना प्रभारी राई।