चंडीगढ़ के बुड़ैल में युवक ने की आत्महत्या।
- फोटो : फाइल फोटो
चंडीगढ़ में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला चंडीगढ़ के बुड़ैल का है। बुड़ैल स्थित एक मकान के चौथी मंजिल पर बुधवार देर शाम एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या ली। मृतक की पहचान कुलबीर सिंह के तौर पर हुई है। मरने से पहले कुलबीर सिंह ने अपनी कलाई पर लिखा कि मेरी मौत की जिम्मेदार मेरी पत्नी और उसके घरवाले हैं।
सूचना पर बुड़ैल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को फंदे से उतारकर जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुलबीर सिंह मकान में किराएदार था। पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोविड-19 की रिपोर्ट के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं अब पुलिस मृतक की हेंडराइटिंग की भी जांच करवाएगी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि बुड़ैल के एक मकान के चौथी मंजिल पर स्थित कमरे में व्यक्ति पंखे से फंदे पर लटका है। पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक का नाम कुलबीर है और वह पिछले कई महीनों से उक्त मकान में किराए पर रहता था। उसका पिछले कई साल से अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। इस कारण वह काफी परेशान रहता था। बुधवार को उसने फंदा से लटककर जान दे दी। पुलिस अब उसकी कलाई पर लिखे शब्दों की जांच कर रही है।
पत्नी के साथ थी अनबन
2008 में कुलबीर सिंह की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी ने खर्चे के लिए कुलबीर के खिलाफ अदालत में केस भी दायर किया था। आरोप था कि कुलबीर की पत्नी लगातार उसे तंग कर रही थी कि वह अपने घरवालों से बात न करे। इसी कारण कुलबीर परेशान रहता था। उसकी दो बेटियां हैं। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार्रवाई शुरू कर दी है।