सर्वसम्मति से चुने गए पंच की पशुओं वाली हवेली में घुस कर उससे मारपीट करने के आरोप में थाना सदर की पुलिस ने गांव के पूर्व सरपंच के भतीजे व उसके ममेरे भाई को नामजद किया है। जांच अधिकारी एएसआई दर्शन सिंह के मुताबिक मारपीट दौरान धक्कामुक्की में वहां हाथ सेंकने के लिए जलाए गए अलाव पर गिरने से पंच की दाहिनी बाजू झुलस गई।
थाना गढ़दीवाला के अधीन गांव बांडा के निवासी रतन सिंह ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है। उसने बताया कि वह पंजाब रोडवेज से इंस्पेक्टर रिटायर हुआ है और उसे गांव निवासियों ने सर्वसम्मति से पंच चुना है। उसने बताया कि वह अपनी पशुओं वाली हवेली में बैठा अलाव ताप रहा था। इस दौरान उसके गांव का निवासी रवि अपने एक रिश्तेदार बिल्ला निवासी गांव मंझपुर, मुकेरियां के साथ उसकी हवेली में आ धमका।
आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और उसे धक्का मार दिया, जिससे वह अलाव पर गिर पड़ा। इससे उसकी दाहिनी बाजू और शरीर का अन्य हिस्सा झुलस गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं मामला दर्ज किया है।