पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित एक सोसाइटी में 50 वर्षीय वकील ने सोमवार की सुबह पंखे से लटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मृगेश कुमार शास्त्री के रूप में हुई है। वह आईटी पार्क में एक कंपनी में जीएम के पद पर कार्यरत था। जिस समय वकील ने आत्महत्या की, उसकी पत्नी और बच्चे सैर करने गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सेक्टर-20 थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद मौके पर सीन ऑफ क्राइम की टीम पहुंची। टीम ने मौके से सैंपल एकत्रित किए। शव को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। जांच के दौरान किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार सोमवार की करीब सुबह आठ बजे वकील मृगेश कुमार शास्त्री से पत्नी ने दोनों बच्चों के साथ मार्निंग वॉक पर चलने के लिए कहा। पति ने सुबह 9 बजे तैयार होकर त्रिशला अपार्टमेंट जाने की बात कही। चाय बनाकर देने के बाद पत्नी बच्चों समेत मार्निंग वॉक पर निकल गई, वापस आने के बाद पति को पंखे से लटका पाया।
रायपुर हुआ था तबादला
परिजनों के अनुसार उनका तबादला कंपनी वालों ने रायपुर किया था। इसके बाद वे रायपुर शिफ्टिंग की योजना बना रहे थे। वहां पर ही कंपनी के साथ-साथ स्थानीय हाईकोर्ट में प्रैक्टिस की योजना भी थी। इसके लिए उन्होंने फ्लैट बेचने की प्लानिंग की थी। उसी सिलसिले में उन्हें सुबह 9 बजे त्रिशला अपार्टमेंट जाना था।
शव पोस्टमार्टम करवाने के लिए अस्पताल में रखवाया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। - मोहिंदर ढांडा, एसएचओ, सेक्टर 20 पुलिस थाना पंचकूला।