लुधियाना के डाबा के स्टार रोड इलाके में पुरानी रंजिश में पड़ोसियों ने ईंट मार-मारकर व्यक्ति की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। मृतक की पहचान दुरगाही (52) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
इस मामले में दुरगाही के बेटे प्रदीप की शिकायत पर थाना डाबा की पुलिस ने पड़ोसियों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है।
घर के बाहर साइकिल रिपेयर की दुकान चलाने वाले प्रदीप और उसके परिवार का काफी लंबे समय से पड़ोसियों के साथ विवाद चल रहा था। प्रदीप सुबह किसी काम से घर से निकला था। इस बीच उसकी अचानक साइकिल की चेन उतर गई। वह खाली प्लाट में चेन चढ़ा रहा था। इतने में उसके पड़ोस में रहने वाली लड़की उसे गाली देने लगी। इस पर प्रदीप ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। लड़की के साथ कहासुनी होती देख उसका भाई और पिता बाहर आ धमके।
उन्होंने आते ही प्रदीप के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। गली में शोर शराबा सुन दुरगाही प्रसाद बेटे को बचाने आया। इस दौरान अचानक युवती के पिता ने दुरगाही के सिर में ईंटे व अन्य किसी हथियार से वार कर दिया। खून से लथपथ दुरगाही प्रसाद ने तुरंत मौके पर ही दम तोड़ दिया। मोहल्ले के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस मामले में जांच अधिकारी थाना शिमलापुरी के एसएचओ दविंदर कुमार ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।