पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव दुलचीके में एक मेले में किश्ती वाले झूले में तीन युवकों के गले में अचानक रस्सी फंस गई। रस्सी फंसने से तीनों युवक झूले से नीचे गिर गए और झूला उनसे टकराता रहा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हैं। घटना के बाद झूला मालिक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर झूले मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
मृतक युवक अमनदीप सिंह (16) के पिता जोगिंदर सिंह व नंबरदार मंगल सिंह निवासी गांव कालू वाला ने बताया कि उनका बेटा अमनदीप गांव दुलचीके मेला देखने गया था। मेला खचखचा भरा था। अमनदीप समेत तीन युवक वहां लगे किश्ती वाले झूले में बैठकर झूला झूल रहे थे। अचानक रस्सी टूट कर तीनों के गले में फंस गई और तीनों युवक झूले से नीचे गिर गए।
वहां मौजूद मुलाजिम ने झूले को बंद नहीं किया। झूला चलता रहा और तीनों युवकों से टकराता रहा। इस कारण तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। काफी देर तक किसी ने भी तीनों को उठाया नहीं। वहां मौजूद कालू वाला के लोगों ने अमनदीप को उठाकर फिरोजपुर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने चेकअप करने के बाद उसे सिविल अस्पताल भेज दिया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दो गंभीर युवकों को किस अस्पताल में दाखिल करवाया और कहां के रहने वाले थे, इसके बारे में थाना सदर पुलिस को पता नहीं चला है। थाना सदर प्रभारी रवि चौहान ने अमनदीप की मौत की पुष्टि की है। झूला मालिक की तलाश जारी है। गांव की पंचायत से मेले में झूला और दुकानें लगाने वाले सभी के नामों की सूची प्राप्त कर ली गई है।