पहले पत्नी और फिर बेटे की मौत से परेशान चल रहे जीएसबी फ्लैट के रहने वाले गुरप्रीत सिंह (42) ने मंगलवार की सुबह अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब उसके पिता बलविंदर सिंह उसे बुलाने पहुंचे। अंदर शव लटकता देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया और बाकी परिवार को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के कुछ समय बाद थाना सदर की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। अभी तक की जांच में यही सामने आया है कि गुरप्रीत सिंह पिछले काफी समय से परेशान था और उसने इसी वजह से आत्महत्या की है।
जांच अधिकारी एएसआई ओम प्रकाश के बताया कि गुरप्रीत सिंह एक निजी कंपनी में रिकवरी का काम करता था। कुछ समय पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद उसके जवान बेटे की मौत हो गई। वह अकेला रह गया था और परेशान रहने लगा था। लगातार मानसिक तौर पर परेशानी के चलते उसका इलाज भी चल रहा था। मंगलवार को उसको अपने पिता बलविंदर सिंह के साथ दवाई लेने जाना था। मगर इससे पहले ही सुबह उसने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। जब कुछ समय बाद उसके पिता बुलाने पहुंचे तो गुरप्रीत का शव फंदे से लटका देखा।