फर्जी डॉक्टर बनकर एक व्यक्ति ने जीएमसीएच-32 में भर्ती मरीज के परिजनों से 40 हजार रुपये उड़ा लिए। आरोपी की पहचान नहीं हो पाई। घटना रविवार की है। मरीज के भाई ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश स्थित सिरमौर के गांव संखौली गांव निवासी प्रदीप वीरवार को एक्सीडेंट में घायल हो गया था। सिरमौर के सरकारी अस्पताल से उसे जीएमसीएच-32 में रेफर किया गया था। जांच के बाद डाक्टरों ने बताया कि प्रदीप के दोनों पैरों में फैक्चर है और ऑपरेशन करना पडे़गा।
परिजनों के अनुसार, हास्पिटल में भर्ती करने के बाद डाक्टर उसे चेकअप करने के लिए आया था। उसके बाद वह सुबह और शाम दोनों समय मरीज के फाइल और दवाएं चेक करने आता था। रविवार की सुबह उसने प्रदीप के परिजनों से कहा कि आज प्रदीप के दोनों पैरों का ऑपरेशन होगा।
उसके लिए आपको 40 हजार रुपये जमा कराने पड़ेंगे। फर्जी डॉक्टर ने प्रदीप के भाई विनोद से रुपये जमा कराने के लिए इमरजेंसी के तीसरे फ्लोर पर ले गया। वहां उसने विनोद को कुछ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से रुपये निकालकर भाग गया। कुछ समय बाद होश में आने पर विनोद ने इस घटना की जानकारी जीएमसीएच-32 की पुलिस को दी।