जालंधर में ट्रक ने बच्चे को टक्कर मारी, मौके पर मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिद करके बड़े भाई के साथ 3 साल का बच्चा मेला देखने के लिए निकला था, रास्ते में मौत आ गई और उसे साथ ले गई। घटना पंजाब के जालंधर की है।
पठानकोट रोड नेशनल हाइवे पर मेले से लौट रहे साइकिल सवार भाइयों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बड़े भाई को मामूली चोटें आई। घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
बेटे को याद कर करके मां बार-बार बेहोश हो जाती। होश आता तो कहती कि मैंने उसे भेजा ही क्यों? हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। मृतक बच्चे की पहचान लाल बादशाह के रूप में हुई।
पिता ने मना किया था, जिद करके गया मेला देखने
जालंधर में ट्रक ने बच्चे को टक्कर मारी, मौके पर मौत
- फोटो : अमर उजाला
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक 3 वर्षीय लाल बादशाह अपने परिवार के साथ हरगोविंदर नगर में रहता था। पिता सुभाष मूल रूप से बिहार के छपरा का रहने वाला है। जालंधर में वह रिक्शा चलाकर परिवार पालता है।
वीरवार सुबह लाल बादशाह बाबा सोढल मंदिर में लगने वाले मेले में जाने की जिद की। पिता बोले, शाम को पैसे लेकर आऊंगा फिर मेले में ले जाऊंगा। लेकिन लाल बादशाह जिद पर अड़ गया।
ऐसे में मां गीता ने छोटे बेटे लाल बादशाह को बड़े भाई राजू के साथ मेले में भेज दिया। लौटते समय दोनों को ट्रक ने टक्कर मार दी और लाल बादशाह की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।