बठिंडा के थाना नेहियांवाला के अंतर्गत गांव हररायेपुर में नशे के कारण एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का शव गांव हररायेपुर स्थित एक खंडरनुमा मकान से बरामद हुआ। युवक की बाजू पर इंजेक्शन के कई निशान थे और खून बह रहा था। थाना नेहियांवाला पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की शिकायत पर अज्ञात युवक पर ज्यादा मात्रा में नशा देने के आरोप में मामला दर्जकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल नशा देने वाले युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस को शिकायत देकर सोनी सिंह निवासी गांव नथाना ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि गांव हररायेपुर स्थित एक खंडरनुमा मकान में उसके 23 वर्षीय भाई हरजिंदर सिंह का शव पड़ा है। बाजू पर नशे का इंजेक्शन लगाने के निशान हैं।
सूचना मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचे और देखा कि उसकी बाजू से खून भी निकल रहा था। इससे यह प्रतीत होता है कि उसके भाई को किसी अज्ञात व्यक्ति ने ज्यादा मात्रा में नशा दे दिया। इससे उसके भाई की मौत हो गई। थाना नेहियांवाला पुलिस ने मामला दर्जकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।