यूटी पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने दो वन्यजीव तस्करों को तीन सैंड बोआ यानी दो मुंहे सांपों के साथ काबू किया है। आरोपी इन सांपों को यूपी, हरियाणा और राजस्थान के जंगलों से पकड़कर लाते थे और दवाइयां बनाने वाले लोगों को बेचते थे।
पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है। डीएसपी क्राइम जगबीर सिंह ने बताया कि वीरवार को दोनों आरोपियों को सेक्टर-26 से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान नया गांव निवासी रनवीर (26) और मनीमाजरा निवासी विजय (20) के रूप में हुई है।
पुलिस ने वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट के साथ मिलकर दोनों तस्करों को काबू किया। जगबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लोग सैंड बोआ सांपों को लाखों रुपयों में बेचते हैं। ये लोग एक सांप को 15 लाख रुपये तक में बेचते थे।
पुलिस दोनों आरोपियों के पास नकली कस्टमर बनकर गई और पचास-पचास हजार रुपये देने का लालच दिया। आरोपियों ने जैसे ही पैसे पकड़े और सांपों को दिखाया, पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया और उनके कब्जे से तीन दो मुंह वाले सांप बरामद किए।
आरोपी विजय मूल रूप से सोनीपत का रहने वाला है और पिछले लंबे समय से सांपों को पकड़कर इसके जहर से दवाइयां बनाने वाले लोगों को बेचता था। दवाइयां बनाने के अलावा लोग इन सांपों को घरों में अच्छे सौभाग्य के लिए भी रखते हैं। पुलिस ने बताया कि लोगों में ऐसी धारणा भी है कि अगर वे इन सांपों को घरों में रखेंगे तो उनके घर सुख और समृद्धि आएगी।
सैंड बोआ सांप के होते हैं दो मुंह
इस सांप के दो मुंह होते हैं जिसके कारण इसका नाम दोमुंहा सांप पड़ा। वास्तव में ऐसा कुछ नहीं है वरन इसकी पूंछ ही मुंह जैसी दिखाई पड़ती है। इसके अलावा यह सांप खतरा अनुभव होने पर अपने सिर के साथ-साथ अपनी पूंछ को भी हवा में खड़ा कर लेता है। जिससे देखने वालों को यही लगता है कि इस सांप के दो मुंह हैं और सांप दोनों ही मुंह से कार्य कर सकता है।
ये हैं सैंड बोआ (दोमुंहा सांप) से जुड़ी कहानियां और मिथ
1. खाड़ी देशों में माना जाता है कि सैंड बोआ सांप के मांस तथा रक्त का सेवन करने से व्यक्ति की सभी बीमारियां ठीक हो जाती हैं। साथ ही व्यक्ति मृत्यु तक जवान रहता है।
2. कुछ कबीलों में चल रही मान्यताओं के अनुसार सेंड बोआ सांप को विशेष क्रियाओं द्वारा अभिमंत्रित कर खाने से आदमी को सुपरनैचुरल शक्तियां मिलती हैं।
3. चीनी मान्यताओं के अनुसार सैंड बोआ सांप को खाने से सेक्स पावर बढ़ती है।