रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर आधा दर्जन छात्रों से 12.5 लाख की ठगी कर ली गई। आरोपी ने छात्रों की कलकत्ता में फर्जी परीक्षा व मेडिकल भी कराया। नियुक्ति पत्र मांगने पर भर्ती के निरस्त होने की बात कही।
रुपये मांगने पर नहीं लौटाए गए। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर तीन नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिरोधन निवासी गिरीश कुमार नवंबर 2012 में बुलंदशहर देवीपुरा निवासी रामकिशन उसके मामा नानक चंद के साथ उनके घर आया था।
राम किशन ने रेलवे के अधिकारियों से अपनी जान पहचान बताते हुए दो लाख में रेलवे में नौकरी लगवाने की बात कही। गिरीश कुमार ने बताया कि उसने राम किशन की बात पर भरोसा करके उसे अपने साथियों राहुल कुमार, विकास, महेश कुमार, प्रशांत कुमार और सौरभ से मिलवाया।
रामकिशन ने 30 नंबर 2012 में उन्हें बुलंदशहर आवास विकास कालोनी में चौधरी कृष्ण कुमार से मिलवाया। कृष्ण कुमार को रेलवे में बड़ा अधिकारी बताया। कृष्ण कुमार ने रेलवे कलकत्ता में नौकरी दिलाने के लिए 50-50 हजार की चार किश्तों के अलावा परीक्षा, मेडिकल के लिए अलग से खर्च देने को कहा।
गिरीश कुमार ने बताया कि उन्होंने 23 दिसंबर 2012 कृष्ण कुमार को तीन लाख रुपये दिए। 19 जनवरी 2013 को वह कृष्ण कुमार के साथ गाजियाबाद से कोलकत्ता के लिए रवाना हुए।
कोलकत्ता में कृष्ण कुमार ने उन्हें दो अन्य लोगों से मिलवाया जिन्हें रेलवे का बड़ा अधिकारी बताया। गिरीश कुमार ने बताया कि कोलकता में सभी की लिखित परीक्षा व मेडिकल कराया।
परीक्षा व मेडिकल होने पर सभी ने अपने एटीएम से रूपये निकालकर कृष्ण कुमार को 6 लाख रुपये दिए। इसक बाद व सभी वापस आ गए। बाद में नियुक्ति पत्र देने के नाम पर सभी छात्रों से बुलंदशहर में कृष्ण कुमार ने 3.5 लाख रुपये लिए।
दो माह तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला तो उन्होंने कृष्ण कुमार से बात की। उसने नियुक्ति निरस्त होने की बात कही। गिरीश कुमार ने बताया कि संदेह होने पर उन्होंने रेलवे विभाग में जानकारी की तो पता चला कि इस तरह की कोई परीक्षा नहीं हुई।
गिरीश कुमार ने बताया कि उन्होंने रामकिशन व कृष्ण कुमार की नगर कोतवाली में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एसएसपी के आदेश पर शुक्रवार को सिकंदराबाद कोतवाली में रामकिशन, कृष्ण कुमार व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।