शादी का झांसा देकर महिला का करता रहा यौन शोषण, फरार
- दर-दर की ठोकरें खा रही महिला की नहीं हुई अब तक सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
गांव अभयपुर की एक महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर सवा साल तक उसका शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। पहले से ही शादीशुदा महिला ने पति की मानसिक स्थिति ठीक न होने पर उसे छोड़ दिया। हालात को देखते हुए उसी फैक्ट्री में काम करने वाले युवक ने महिला से दोस्ती बढ़ाई और फिर उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ सवा साल से उसे यौन शोषण शिकार बनाया। महिला ने जब युवक को शादी के लिए कहा तो आरोपी शहर छोड़कर भाग गया। आरोपी युवक पिछले करीब सवा महीने से फरार है। पीड़िता का आरोप है कि इस मामले की शिकायत पुलिस चौकी, महिला थाने में भी दी गई, लेकिन इस मामले में अब तक आरोपी युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उसने पुलिस पर आरोप लगाया कि जब इस मामले की शिकायत लेकर वह महिला थाने पहुंची तो न तो शिकायत दर्ज की गई और न ही अब तक मेडिकल करवाया। उधर, पुलिस का कहना है कि इस मामले में कानूनी राय लेने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने बताया कि उसका पति अक्सर मारपीट करता था और नशे का आदी हो चुका था। अक्सर होने वाली मारपीट से तंग आकर महिला ने अपने पति से तलाक मांगा। इसी दौरान उसके पति के साथ ही कंपनी में काम करने वाला युवक इलाहाबाद निवासी रोहित शर्मा से मुलाकात हुई। रोहित ने जब देखा कि पति-पत्नी अलग रहने लगे तो उसने महिला से दोस्ती का हाथ बढ़ाया और उसके साथ ही अभयपुर में रहने लगा। रोहित ने ही उसे कहा था कि तुम अपने पति को छोड़कर मेरे साथ रहो, वर्ना मैं तुम्हारे पति और बच्चों को मार दूंगा।
पीड़ित महिला ने बताया कि तीन अप्रैल को शिकायत पुलिस को देने पहुंची। अनपढ़ होने की वजह से पुलिस ने उससे खाली पन्ने पर हस्ताक्षर करवा लिए। इससे पहले भी नजदीकी चौकी में इस मामले की गुहार लगाने महिला पहुंची थी, लेकिन उसकी सुनवाई के बजाय वहां मौजूद एक पुलिस कर्मी ने पीड़िता के साथ बदसलूकी भी की। इस मामले की भी महिला थाने सहित आला पुलिस अधिकारी से की। महिला ने आरोप लगाया कि इस मामले में अब तक न तो युवक को पकड़कर उससे पूछताछ की गई और न ही उसका मेडिकल करवाया गया। महिला ने खुद ही एक निजी अस्पताल में मेडिकल करवाया, जिसकी रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है। उधर, इस मामले में रोहित ने भी पुलिस को दी गई एक शिकायत में महिला पर पहले खुद ही संबंध बनाने और बाद में ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। रोहित इलाहाबाद का रहने वाला है और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत था। लेकिन तीन अप्रैल के बाद से वह फरार है।
महिला थाना की एसएचओ राजेश कुमारी ने बताया कि इस मामले में कानूनी राय ली जा रही है। डीए की रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।