समझौता ब्लास्ट मामले में पाकिस्तानी गवाहों को दोबारा भेजे जाएंगे समन
एनआईए के पूर्व इंस्पेक्टर के बयान किए गए दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
समझौता ब्लास्ट मामले में एनआईए की अदालत में एक गवाह के बयान दर्ज किए गए। गवाह के तौर पर एनआईए के पूर्व इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने इस घटना से जुड़े पहलुओं के बारे में अदालत के समक्ष अपनी जानकारी रखी। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 दिसंबर की तारीख तय की है। पिछली तारीख पर पाकिस्तानी नागरिकों को गवाही के लिए बुलाया गया था, लेकिन उनके नहीं आने की वजह से अब उन्हें दोबारा समन भेजे गए हैं।
19 फरवरी, 2007 को पानीपत के पास दिल्ली से पाकिस्तान जा रही समझौता एक्सप्रेस में धमाका हुआ था। इसमें 66 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल भी हुए थे। इस मामले की पंचकूला स्थित एनआईए की अदालत में सुनवाई चल रही है। बचाव पक्ष के वकील मनवीर राठी ने बताया कि इस मामले में शुक्रवार को एनआईए के पूर्व इंस्पेक्टर के बयान दर्ज किए गए। उन्होंने अपने बयान में घटना से जुड़ी जानकारियां दी। अब इस मामले में दोबारा पाकिस्तानी गवाहों को समन किया जाएगा।