पंजाब के लुधियाना में 11 साल की एक नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया। हैरानी की बात यह है कि 10 महीने पहले शादी का झांसा दे एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। नाबालिग के बेटे को जन्म देने की सूचना के बाद परिवार वालों ने इसकी शिकायत थाना कूमकलां पुलिस को दी।
पुलिस ने इस मामले में नाबालिग के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना कूमकलां के एसएचओ इंस्पेक्टर रणबीर सिंह ने बताया कि नाबालिग एक फैक्टरी में काम करती थी। वह मूलरूप से बिहार की रहने वाली है। परिवार के साथ यहां रहती है और एक फैक्टरी में काम करते समय युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि नाबालिग ने पहले परिवार को बताया नहीं था। परिवार को शक हुआ तो उन्होंने इसके बारे में इलाके की एक महिला को बताया। नाबालिग ने महिला को सारी बात बताई तो महिला उलटा उस युवक के साथ मिल गई और परिवार वालों को पैसे का लालच देने लगी। परिवार नहीं माना तो महिला नाबालिग को अपने साथ ले गई।
वहां नाबालिग के साथ अत्याचार होने का पता चला तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने नाबालिग को छुड़वाया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया। जहां उसने बेटे को जन्म दिया। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर रणबीर सिंह ने बताया कि आरोपी अभी फरार है।