हमला करते कैमरे में कैद आरोपी।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
पंजाब के मोहाली में ऑटो की सीट फाड़ने से रोकने पर घर आकर एक युवक और व्यक्ति की पिटाई करने का मामला सामने आया है। सोहाना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नरिंदर शर्मा (54) निवासी सोहाना ने बताया कि 30 अगस्त की रात करीब पौने 10 बजे उसके बेटे का ऑटो गली में खड़ा था। ऑटो में बैठकर आरोपी अजय कुमार फोन पर बात कर रहा था और बात करते सीट से फोम फाड़ रहा था। यह देख उसके बेटे ने रोका तो वह उसके साथ गाली-गलौज करने लगा और धमकी देकर चला गया।
इसके बाद रात पौने 11 बजे उक्त आरोपी उनके घर के बाहर आकर जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने लगे। जब शिकायतकर्ता ने दरवाजा खोला तो उक्त आरोपी गंडासे और अन्य हथियार लेकर खड़े थे। जैसे ही वह बाहर आया वैसे ही पिटाई करनी शुरु कर दी। इसी दौरान उनका बेटा पंकज भी गुरुद्वारा साहिब से लौट रहा था। उसने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसको भी पीटा। उसके सिर और पीठ पर गंडासे और पाइप से वार किया। जब वहां लोग जुटने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
पिता के सिर में आई चोट, लगे पांच टांके
शिकायतकर्ता नरिंदर शर्मा ने बताया कि उनके सिर पर आरोपियों ने गंडासे से वार किया। सिर में पांच टांके लगे हैं। वहीं बेटे के भी सिर और पीठ में चोट आई है।