चंडीगढ़। सेक्टर-32/46 की विभाजित सड़क के साइकिल ट्रैक पर बाइक चलाने पर सिपाही ने चालक को रोकने की कोशिश की तो टक्कर मार फरार हो गया। हादसे में यातायात सिपाही हर्ष व बाइक के पीछे बैठा शख्स गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जब पुलिस सिपाही को जीएमसीएच-32 ले जाने लगी तो दूसरा शख्स भी रफूचक्कर हो गया। सेक्टर-34 थाना पुलिस देर रात तक बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने में जुटी हुई थी।
घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। सेक्टर-32/46 की विभाजित सड़क पर यातायात पुलिस के सिपाही हर्ष की ड्यूटी लगी थी। इस बीच उन्होंने देखा कि सेक्टर-46 की तरफ से साइकिल ट्रैक पर विपरीत दिशा से बाइक आ रही है। बाइक पर चालक समेत दो लोग सवार थे। नजदीक पहुंचने पर इशारा कर रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक रुकने के बजाए बाइक की गति तेज कर हर्ष को टक्कर मार भागने में कामयाब हो गया जबकि पीछे बैठा शख्स बाइक के नीचे गिर गया। हादसे में हर्ष समेत बाइक सवार बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घायल हर्ष को संभालने में जुटी तो मौका देखा दूसरा आरोपी भी फरार हो गया। वहीं, मामले की सूचना पर एएसपी श्रुति अरोड़ा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अब घायल के बयान दर्जकर बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।