चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से कोरोना के नए स्वरूप को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर जाने के लिए कोरोना की दोनों वैक्सीन अनिवार्य करने के बाद तीन ही दिन में टीकाकरण की गति तीन गुना बढ़ गई है। पहले जहां प्रतिदिन 3500 लोगों का टीकाकरण हो रहा था, वहां अब आंकड़ा 10 हजार से अधिक पहुंच गया।
जानकारों का कहना है कि यदि पहले की तरह बस आदि में शिविर लगाकर टीकाकरण किया जाए तो अभियान को और बल मिलेगा। यूटी प्रशासन ने कहा है कि जनता में जागरूकता आई है। यदि वह सहयोग करेगी तो कोरोना की दूसरी डोज का शत-प्रतिशत लक्ष्य एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा।
प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक में कोविड रोगियों की वर्तमान स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने बताया कि वर्तमान में कोविड के लगभग 125 सक्रिय मामले हैं और उनमें से अधिकांश लक्षणहीन होने के कारण होम आइसोलेशन में हैं।
यूटी में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर लगभग 1.2 प्रतिशत है। कोविड टीकाकरण की दैनिक संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। पहली खुराक लगभग 115 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि दूसरी खुराक लगभग 87 प्रतिशत लक्षित आबादी को दी गई है। यदि टीकाकरण की वर्तमान गति अगले कुछ और दिनों तक जारी रहती है तो केंद्र शासित प्रदेश एक सप्ताह के भीतर 100 प्रतिशत दूसरी खुराक टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त कर सकता है।
गुरुवार से पांच और टीकाकरण दल जोड़े गए हैं। शुक्रवार से 20 और टीकाकरण टीमों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों के टीकाकरण के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। एक जनवरी से व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहेंगी। इसके लिए पर्याप्त टीके मिल चुके हैं और टीकों की उपलब्धता और आपूर्ति के संबंध में कोई समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-23बी के बाल भवन में एक मिनी कोविड केयर काम कर रहा है और वर्तमान में वहां कोई मरीज भर्ती नहीं है। आपातकालीन दवाओं का बफर स्टॉक पहले ही खरीद लिया गया है। मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता भी पर्याप्त है।
ये लिए गए निर्णय
- सभी संक्रमित रोगियों को पहले विकल्प के रूप में होम क्वारंटीन की अनुमति दी जाएगी
- अगर बिना लक्षण वाले कोविड पॉजिटिव रोगियों के घर पर आइसोलेशन सुविधा (वॉशरूम के साथ अलग कमरा) उपलब्ध नहीं है तो उन्हें मिनी कोविड केयर सेंटर आदि जैसी संस्थागत क्वारंटीन सुविधा में भर्ती किया जाएगा। एक मिनी कोविड केयर सेंटर काम कर रहा है और दूसरा इंदिरा हॉलिडे होम सेक्टर-24 में तीन जनवरी से शुरू हो जाएगा
- उन कोविड मरीजों को भर्ती किया जाएगा, जिसके लिए चिकित्सक सलाह देंगे। जैसे रोगी को ऑक्सीजन/वेंटिलेटर की जरूरत महसूस होगी
- कोविड टीकाकरण की गति बढ़ाने का निर्णय लिया गया। एक सप्ताह में सभी लोगों को कोरोना की दूसरी खुराक का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा
- जिन लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ है वह शत प्रतिशत मास्क लगाएं, सामाजिक दूरी बनाए रखें। कोविड गाइड लाइन का पालन करें