चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में उपराष्ट्रपति एवं चांसलर वेंकैया नायडू के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। वे 6 मई को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। परिसर में मौजूद सभी पौधों के साथ पेड़ों की कटाई-छटाई कर उन्हें आकार दिए गए हैं। साथ ही सड़कों के दोनों तरफ रंग किए गए हैं। पीयू में पार्किंग और गेट के लिए बुधवार को हर सड़क पर साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं जिससे बाहर से आने वाले अतिथियों और पीयू के विद्यार्थियों को कोई परेशानी नहीं हो।
वीवीआईपी दौरे को देखते हुए बुधवार को पीयू प्रशासन की ओर से नो व्हीकल रोड निर्देश जारी किए गए हैं। वीरवार और शुक्रवार को पीयू की सड़क पर कोई व्यक्ति वाहन नहीं खड़ा कर सकता है। अगर किसी व्यक्ति का वाहन सड़क पर मिलता है तो चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की ओर से उठा लिया जाएगा। पीयू में जिम्नेजियम हॉल की तरफ टैंट और कुर्सियां लगने शुरू हो गए हैं।
बता दें दीक्षांत समारोह की पिछले एक हफ्ते से तैयारियां की जा रही हैं। परिसर में बुधवार को बारिश के कारण काम बाधित हुआ। पीयू की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार वीवीआईपी रूट गेट नंबर- 1 प्रशासनिक ब्लॉक होते हुए रसायन विज्ञान विभाग, भौतिकी विज्ञान विभाग सड़क से जिम्नेजियम हॉल तक रहेगा। जिम्नेजियम हॉल में दीक्षांत समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस रूट पर आम जनता को सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक आने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही इस रूट पर 5 मई और 6 मई को किसी भी व्हीकल को पार्क करने की अनुमति नहीं मिलेगी। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थान पर ही पार्क किया जाने के निर्देश दिए गए हैं।
आम जनता के लिए इस समय खुला रहेगा गेट
गेट नंबर- 1 आने और जाने के लिए सुबह 6 से 9 बजे तक और इसके बाद दोपहर एक बजे के बाद खुलेगा। इस समय के दौरान किसी भी व्हीकल को आने-जाने के लिए अनुमति नहीं मिलेगी। सिर्फ वीवीआईपी एंट्री होगी। गेट नंबर-2 वीआईपी, निमंत्रण अतिथि, शिक्षक और मीडिया के लिए खुला रहेगा। वहीं, गेट नंबर-3 सुबह 6 से रात 10 बजे तक विद्यार्थियों के आने जाने के लिए खुला रहेगा।