कांग्रेस भवन की छत पर चढ़े शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी के दौरान सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चूक हो गई। कार्यक्रम की सुरक्षा में 700 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद आंदोलनरत अनुबंध शिक्षक पंजाब कांग्रेस भवन की छत पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। इससे सुरक्षा में लगे पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस के कर्मियों के हाथपांव फूल गए। बमुश्किल पुलिस ने उन्हें छत से उतारा। इस दौरान हुई झड़प में कुछ शिक्षकों ने छत से भी कूदने का प्रयास किया।
स्थायी नौकरी की मांग कर रहे पंजाब के अस्थायी शिक्षक मोहाली के फेज-8 स्थित पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के बाहर कई दिन से धरना दे रहे हैं। अपनी मांग को लेकर कई बार शिक्षकों द्वारा चंडीगढ़ कूच किया जा चुका है। शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला के साथ भी आंदोलनरत शिक्षक कई दौर की बैठक कर चुके हैं।
अभी तक उनकी मांग को लेकर कोई फैसला नहीं होने से आक्रोशित आंदोलनरत कुछ शिक्षक शुक्रवार को सुरक्षा में तैनात चंडीगढ़ और पंजाब पुलिसकर्मियों को धता बताते हुए सिद्धू की ताजपोशी कार्यक्रम में पहुंच गए। जहां कुछ शिक्षक पंजाब कांग्रेस भवन की छत पर भी चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे।
आनन-फानन पुलिस ने शिक्षकों को उतारने का प्रयास किया, इस दौरान हुई झड़प के बीच कुछ शिक्षकों ने छत से कूदने का भी प्रयास किया। हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो पाए। चंडीगढ़ पुलिस ने शिक्षकों को हिरासत में लेकर पंजाब पुलिस को सौंप दिया। छत पर चढ़ने वाले शिक्षकों में कुछ महिलाएं भी थीं।