अमृतसर जिले के गांव अदीलवाल में निरंकारी भवन में आतंकी हमले के बाद पंजाब की पुलिस व खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। एनआईए की टीम भी पंजाब पर नजर रख रही है। सूत्रों के अनुसार सेना अधिकारियों के पास जो नए इनपुट हैं, उनसे पता चला है कि पंजाब और हरियाणा में स्थित सेना के प्रमुख ठिकानों पर आतंकी हमला करने की योजना बना रहे हैं। इसे अंजाम देने के लिए पाकिस्तान का आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और खालिस्तानी आतंकी अपने गुर्गों को आदेश दे रहे हैं।
इसके अलावा पंजाब में जो आतंकी सीमा पार से घुसे हैं, उनका मकसद पंजाब-हरियाणा में बडे़ स्तर पर जान-माल का नुकसान करना है। जिससे दोनों राज्यों में दहशत का माहौल पैदा किया जा सके। हालांकि इस तरह के इनपुट मिलने की सेना के किसी भी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है। लेकिन सूत्रों से पता चला है कि पंजाब और हरियाणा में जो सेना के प्रमुख ठिकाने हैं, उनकी सेना के अफसरों ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पंजाब के बठिंडा और पटियाला में सेना की प्रमुख छावनियां हैं। यहां इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
वहीं हरियाणा के पानीपत के समालाखा में निरंकारी समुदाय के लोगों की ओर से 24 से 26 नवंबर तक कराए जाने वाले समागम को लेकर हरियाणा सरकार ने बड़े स्तर पर सुरक्षा इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों से पता चला है कि समागम की सुरक्षा के लिए हरियाणा पुलिस ने खास इंतजाम किए गए हैं। जिसके तहत समागम में आने वाले हर शख्स की एक विशेष किस्म के मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। इसके अलावा समागम स्थल को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। इसके अलावा हरियाणा के हिसार में स्थित सेना के प्रमुख ठिकाने की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।