बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिअद सुप्रीमो सुखबीर बादल और डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मीटिंग करवाने के आरोप से इंकार किया है। बरगाड़ी कांड की जांच को गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने बुधवार को पंजाब पुलिस मुख्यालय में अक्षय से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की।
अक्षय पर आरोप था कि उन्होंने 2015 में अपने फ्लैट पर मीटिंग करवा कर सुखबीर और राम रहीम की डील करवाई, ताकि राम रहीम की फिल्म एमएसजी रिलीज हो सके। बाद में अक्षय के वकील संत राम सिद्धू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट में मीटिंग के बारे में कहा गया है, जिससे अक्षय ने इंकार किया। अक्षय ने कहा कि वह जीवन में कभी भी गुरमीत राम रहीम से नहीं मिले हैं। सिद्धू ने कहा कि आयोग की रिपोर्ट में यह बात सुनी हुई बातों के आधार पर दर्ज है, इसके कोई ठोस सबूत नहीं हैं।
सिद्धू ने कहा कि एसआईटी के अगले सवाल पर अक्षय ने बताया कि वह कभी भी सुखबीर से पंजाब के बाहर नहीं मिले। उन्होंने एसआईटी के सवालों पर कहा कि वह जानते हैं कि गुरमीत राम रहीम डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख हैं और उन्होंने फिल्म बनाई है। दूसरे राजनेताओं की तरह ही वह सुखबीर बादल को जानते हैं। एक कबड्डी टूर्नामेंट में बुलाए जाने पर वह सुखबीर से पंजाब में मिले थे। पर पंजाब के बाहर कभी नहीं मिले। उन्हें यह भी नहीं पता कि राम रहीम जुहू में उनके घर के पास रहते थे। न तो राम रहीम ने उन्हें किसी फिल्म के लिए संपर्क किया, न ही किसी और ने दोनों को साथ लेकर फिल्म ऑफर की।
अक्षय ने पहले भी ट्वीट किया था कि वह सिख धर्म का बेहद सम्मान करते हैं और ऐसा कोई काम नहीं कर सकते जिससे सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचे। एसआईटी ने जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट के आधार पर अक्षय को गवाह के तौर पर पूछताछ के लिए बुलाया था। रिपोर्ट में पूर्व विधायक हरबंस सिंह ने दावा किया था कि अक्षय ने सुखबीर और राम रहीम की मीटिंग कराई ताकि एमएसजी रिलीज हो सके। यह मीटिंग श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा राम रहीम को दी गई माफी से पहले हुई थी। श्री अकाल तख्त साहिब के हुक्मनामे के कारण एमएसजी पंजाब में रिलीज नहीं हो सकी थी।
अक्षय ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करने से इंकार कर दिया और सुबह 9.30 बजे सीधे पुलिस मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा केकड़े इंतजाम किए गए थे। अक्षय को अमृतसर के सर्किट हाउस में बुलाया गया था। लेकिन पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल के बाद अक्षय ने भी चंडीगढ़ में पूछताछ की अपील की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया।