एलांत मॉल आए सोनू सूद फैंस के साथ सेल्फी खिचवाते हुए।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। अगर हम किसी की तकलीफ को मुसीबत की जगह जिम्मेदारी समझ लें तो विश्वास करें उस इंसान की तकलीफ काफी हद तक दूर की जा सकती है। यह कहना है बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद का। वह शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र स्थित एलांते मॉल में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। सोनू ने कहा कि हम किसी जरूरतमंद के काम आएं और हमारे थोड़े से प्रयास से उसकी तकलीफ दूर हो जाए तो इससे बड़ा काम और क्या हो सकता है। यह क्षण बहुत संतोषजनक होता है।
उन्होंने यह भी कहा लोगों से जो अपार प्रेम और अपनापन उन्हें मिल रहा है, उसके लिए वह हर रोज भगवान का धन्यवाद करते हैं। कहा कि सभी को लगता है कि एक अभिनेता के जीवन में सिर्फ लाइट, कैमरा, एक्शन होता है, लेकिन उनके जीवन की कहानी में न लाइट है और न ही कैमरा, सिर्फ एक्शन है। वह चाहते हैं कि इस एक्शन का कभी अंत न हो।
सोनू सूद ने हाल ही में हुई पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि सिद्धू ने बहुत कम वक्त में कई लोगों के दिलों में जगह बना ली थी। इस तरह की घटना निंदनीय है। सिद्धू का सफर बहुत लंबा था जो अधूरा रह गया, उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो पाएगी। सोनू सूद ने बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्हें मोटर बाइक का बहुत शौक था लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में आने के बाद धीरे-धीरे यह शौक कम होता चला गया। अब उनकी मोटर बाइक उनके दोस्त चलाते हैं।