फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोटर कार्ड बांट रहे भाजपा नेता के चालक को कांग्रेसियों ने धुना, क्राफ्ड प्रवक्ता को भी पीटा

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। निगम चुनाव से एक दिन पहले वीरवार को सेक्टर-34 में बीएलओ के साथ मतदाता पहचानपत्र बांट रहे एक युवक को कांग्रेस कार्यकर्ताओं दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। साथ ही उससे मतदाता पहचानपत्र छीन लिए। बीचबचाव करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं से भी कांग्रेसियों की खूब झड़प हुई। बात बढ़ी तो कांग्रेसियों ने क्राफ्ड के प्रवक्ता डा. अनीश गर्ग की भी पिटाई कर डाली। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के थाने ले गई, जहां रात तक मामला गरमाया रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बरामद मतदाता पहचानपत्र फर्जी हैं, हालांकि चुनाव आयोग व पुलिस ने मतदाता पहचानपत्रों को सही बताया है।
विज्ञापन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस व्यक्ति से मतदाता पहचानपत्र बरामद किए, उसकी पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है। संजीव वार्ड-23 से भाजपा प्रत्याशी नेहा अरोड़ा की कवरिंग प्रत्याशी अनीता जोशी का वाहन चालक है। वीरवार दोपहर सेक्टर-34 में भाजपा द्वारा फर्जी मतदाता पहचानपत्र बांटने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव में अपनी हार निश्चित देख भाजपा अब जाली मतों से चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-34 में एक व्यक्ति को पकड़ा जो मतदाताओं को 100 नकली मतदाता पहचानपत्र बांट चुका था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके का एक वीडियो बनाया है, जिसमें युवक बता रहा है कि उसे अनीता जोशी ने बांटने के लिए ये मतदाता पहचानपत्र दिए हैं।
उधर, युवक की पिटाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को बुला लिया, तब तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, भाजपा प्रत्याशी पूनम शर्मा एवं डॉ. अनीश गर्ग सहित कई भाजपा नेता मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों से मतदाता पहचानपत्र छीनने की कोशिश की तो दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। क्राफ्ड के प्रवक्ता डॉ. अनीश गर्ग व अन्य भाजपाई बीचबचाव के लिए आए तो उनसे भी मारपीट की गई। तब तक कांग्रेस प्रत्याशी रविंदर कौर गुजराल के पति अमरजीत गुजराल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस को युवक के पास से 57 मतदाता पहचान पत्र मिले हैं। उधर, मतदाता पहचानपत्र को चुनाव आयोग ने ठीक बताया है। चालक से जब मारपीट हुई तो बीएलओ डरकर मौके से भाग गया। बाद में थाने में उसने भी अपने बयान दर्ज कराए।
विज्ञापन

बीएलओ की तबीयत खराब हो गई थी, इसलिए की मदद : नेहा अरोड़ा
भाजपा प्रत्याशी नेहा अरोड़ा ने कहा कि बीएलओ बासु मतदाता पहचानपत्र बांट रहे थे। अनीता जोशी के घर के सामने आकर उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई तो उन्होंने मदद मांगी। अनीता जोशी ने अपने चालक को स्कूटर पर बैठाकर बीएलओ की मदद करने को कहा। इस बीच कुछ ही कार्ड बंटे थे कि कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। नेहा अरोड़ा ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी कांग्रेस की ओर से उनके पोस्टर फाड़े जाते रहे हैं। फोन पर धमकी दी गई है।
मेरे ससुर का देहांत पांच साल पहले हुआ, फिर कहां से आया कार्ड : कांग्रेस प्रत्याशी
कांग्रेस प्रत्याशी रविंदर कौर गुजराल ने कहा कि पकड़े गए युवक के पास से जो मतदाता पहचानपत्र बरामद हुए हैं, उसमें उनके ससुर का भी कार्ड है। गुजराल ने बताया कि उनके ससुर का देहांत पांच साल पहले हो गया था। साथ ही सवाल उठाया कि फिर उनके ससुर का कार्ड कैसे बन गया। आरोप है कि ऐसे कई कार्ड हैं, जो उन्होंने खुद देखे है, जो लोग यहां नहीं रहते उनके पहचानपत्र बनाकर बांटे जा रहे थे।
मामले में आम आदमी पार्टी भी कूदी, पुलिस को दी शिकायत
आम आदमी पार्टी (आप) ने भी भाजपा पर फर्जी मतदाता पहचानपत्र बांटने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। आप के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा के साथ पार्टी की कार्यकर्ता मनमोहन कौर ने वीरवार को सेक्टर-34 के थाना में शिकायत देकर भाजपा प्रत्याशी नेता अरोड़ा पर फर्जी वोटर कार्ड बांटने का आरोप लगाया। आप ने कहा कि जब सेक्टर-34 की तरफ से गुजर रही एक आप नेत्री मनमोहन कौर की नजर एक शख्स पर पड़ी, जिसके हाथ में वोटर कार्ड और भाजपा के स्टीकर थे। शख्स से वोटर कार्ड के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह अनीता जोशी और भाजपा प्रत्याशी नेहा अरोड़ा के कहने पर लोगों को वोटर कार्ड बांट रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस शख्स को सेक्टर 34 के थाने ले गई।
सेक्टर-34 का बूथ संवेदनशील घोषित, चुनाव प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी
घटना के बाद वार्ड-23 के रिटर्निंग अधिकारी हरजीत संधू ने बताया कि क्षेत्रीय थाना प्रभारी को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच करने को कहा गया है, साथ ही रिपोर्ट मांगी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-34 के मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। साथ ही नियमों के तहत पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। वहीं, एक माइक्रो ऑब्जर्वर भी नियुक्त किया गया है, जो पूरे सेक्टर पर नजर रखेगा और रिपोर्ट सौंपेगा। संधू ने बताया कि युवक से बरामद मतदाता पहचानपत्र सही हैं।
वीवीपैट को लेकर भी कांग्रेस ने उठाया था सवाल
कांग्रेस ने वीवीपैट के पुराने एम-2 प्रकार की मशीन ईवीएम के साथ लगाकर चुनाव कराने पर भी आपत्ति जताई थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची में मतदाताओं की तस्वीरें नहीं है। अब भाजपा कार्यकर्ता, फर्जी वोटर कार्ड बांटते हुए, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की आशंकाओं में पकड़े गए हैं। चुनाव आयोग को सख्त कदम उठाना चाहिए।
क्या कहते हैं अधिकारी
बीएलओ किसी और से मतदाता पहचानपत्र बंटवा रहा है, इसका मतलब है कि प्रशासन भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है। भाजपा ने काम कराया होता तो आज इस तरह के हथकंडे अपनाने की जरूरत नहीं पड़ती। -सुभाष चावला, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
भाजपा और प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से यह काम हुआ है। अपनी हार के डरकर से भाजपा नेता इस तरह का काम कर रहे हैं। -प्रदीप छाबड़ा, सह प्रभारी, आप
दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। -रामगोपाल, डीएसपी, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें