चंडीगढ़। पंजाब और चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस ने गायक सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि के रूप में एक प्रतिभा खोज कार्यक्रम ‘इंडियाज राइजिंग टैलेंट’ सोमवार को शुरू किया। इस अवसर पर पंजाब और चंडीगढ़ से 15 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के विभिन्न श्रेणियों जैसे गायन, कॉमेडी, मिमिक्री आदि में एंट्री प्राप्त करने के लिए एक मोबाइल नंबर 77060-61313 लॉन्च किया गया है। इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न प्रतिभाओं के माध्यम से राजनीतिक मुद्दों को उठाना है।
मनोज लुबाना ने कहा कि पंजाब और चंडीगढ़ का एक समृद्ध इतिहास व संस्कृति है इसलिए युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और मूल्य वृद्धि, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिला सशक्तिकरण, ड्रग्स और गैंगस्टर कल्चर, आदि जैसे विभिन्न वर्तमान मुद्दों को उजागर करने के लिए एक मंच शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धू मुसेवाला ने अपने गीतों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक मुद्दों को उजागर करके पूरी इंडस्ट्री के नजरिए को बदल दिया। एक सामान्य राजनेता की तुलना में कहीं अधिक दर्शकों तक उन्होंने सामाजिक मुद्दों को पहुंचाया।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ गायक अफसाना खान ने साज सुपरबॉय, लाड्डी खानगढ़ और आशीष बीट बॉक्स कलाकार और भारतीय युवा कांग्रेस सचिव अजय चिकारा, पंजाब युवा अध्यक्ष बृन्दर सिंह ढिल्लों, चंडीगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लुबाना, आईवाईसी सचिव सह प्रभारी हरमनदेव सिंह विर्क के साथ किया। इस मौके पर पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव उदयवीर सिंह ढिल्लों भी मौजूद थे।