कुमार विश्वास ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए दावा किया कि अरविंद केजरवाल किसी भी कीमत पर पंजाब का मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'पंजाब कोई राज्य नहीं है। पंजाब एक भावना है। पूरी दुनिया में पंजाबियत एक भावना है। ऐसे में एक ऐसा आदमी जिसे एक समय में मैंने ये तक कहा था कि अलगाववादियों का साथ नहीं लीजिए तो उन्होंने कहा था कि नहीं-नहीं हो जाएगा।
यहां तक कि उन्होंने खुद के मुख्यमंत्री बनने का फॉर्मूला भी बताया था। उस वक्त केजरीवाल ने कहा था कि भगवंत मान और एचएस फूल्का को लड़वा दूंगा और मैं पहुंच जाऊंगा। आज भी वो उसी पथ पर हैं। एक दिन केजरीवाल ने कहा था कि आप चिंता मत करिए मैं एक दिन स्वतंत्र सूबे का मुख्यमंत्री बनूंगा। जब मैंने अलगाववाद की बात कही तो उन्होंने कहा कि तो क्या हो गया अगर ऐसा होता तो स्वतंत्र देश का प्रधानमंत्री बनूंगा।'
मनीष तिवारी ने केजरीवाल पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता और श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोई शक नहीं है कि पाकिस्तान 1975 से हथियार और ड्रग्स भेजकर पंजाब को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है लेकिन यह कहना कि सुरक्षा एजेंसियां इसमें शामिल हैं, एक बहुत ही गंभीर आरोप हैं। अगर उनके पास सबूत हैं तो केजरीवाल को दिखाना चाहिए।