पत्रकारों से बात करते पूर्व मंत्री पवन बंसल।
- फोटो : संवाद
चंडीगढ़ कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री पवन बंसल ने भाजपा पर निशाना साधा। सेक्टर 35 के कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के साथ प्रेस वार्ता में बंसल ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है।
बंसल ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को आयकर से छूट होती है। इस समय चुनाव का वक्त है। ऐसे में कांग्रेस का खाता फ्रीज करना लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव और जोरदार तरीके से लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां भाजपा की टूल बन गई है। लोगों में बीजेपी के खिलाफ काफी नाराजगी है। चंदा देने के लिए लोगों के फोन आ रहे हैं। हम सभी पार्टी के पदाधिकारी केंद्रीय समिति का इंतजार में है कि वहां से क्या निर्देश आता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार खुद से खर्च कर लेंगे। जरूरत पड़ी तो गुल्लक लगाकर चंदा मांगेंगे। कांग्रेस के कार्यकर्ताओ में और जनता में काफी उत्साह है। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी आम आदमी पार्टी के साथ है। केजरीवाल की गिरफ्तारी की कोई जरूरत नहीं थी।
चुनावी बांड के बारे में बंसल ने कहा कि भाजपा को 56 प्रतिशत राशि मिली है। यह बांड जबरन वसूली जैसा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कांग्रेस को चुनावी बांड के द्वारा राशि दी, इसका पता जब भाजपा को पता चला तो उसके बाद उस व्यक्ति की कंपनी में जाकर जबरदस्ती उसे कई गुना बांड के रूप में उगाही की गई।