पंजाब में कांग्रेस ने बनाई स्क्रीनिंग कमेटी।
- फोटो : ANI
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने सूबे में पार्टी के चुनाव अभियान के लिए अपने दिग्गज और सीनियर नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी है। एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस बयान के अनुसार, अंबिका सोनी को चुनाव समन्वय समिति की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है जबकि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ को चुनाव प्रचार कमेटी की कमान सौंपी गई है।
पार्टी के सीनियर नेता और सांसद प्रताप सिंह बाजवा को चुनाव मेनिफेस्टो कमेटी का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही अजय माकन को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। स्क्रीनिंग कमेटी में पार्टी हाईकमान ने चंदन यादव और कृष्णा अलावरू को सदस्य बनाया है, जबकि पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रधान व पंजाब चुनाव प्रचार कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन सुनील जाखड़ और पंजाब के सभी एआईसीसी सचिवों को स्क्रीनिंग कमेटी का पदेन (एक्स-आफिसियो) सदस्य बनाया गया है।