हरियाणा में चल रही शीत लहर से दो दिन और राहत मिलने के आसार नहीं हैं। करनाल और नारनौल में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सिर्फ 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। करनाल में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री और नारनौल में 2 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने शुक्रवार और शनिवार को भी शीत लहर चलने के साथ-साथ कई इलाकों में पाला जमने जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है।
लगातार दो दिन हल्के बादल छाने के बाद गुरुवार को सुबह से ही मौसम साफ हो गया। इसके चलते दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। फिर भी हिसार, करनाल, रोहतक समेत कई जिलों में दिन और रात का तापमान सामान्य से कम रहा। रोहतक में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री और करनाल में 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
बर्फीली हवाओं के चलते तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हिसार में बुधवार के मुकाबले गुरुवार को न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री सेल्सियस कम रहा। नारनौल, करनाल, हिसार, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम पारा 6 डिग्री से नीचे रहा। दिन ढलने के साथ ही ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 11 फरवरी तक दिन में ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन रात में इसका प्रकोप बना रहेगा।
मौसम 10 फरवरी तक खुश्क रहेगा। इस दौरान रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी। कहीं-कहीं तड़के व देर रात को धुंध छा सकती है। - डॉ. मदन खीचड़, अध्यक्ष, हरियाणा कृषि मौसम विभाग
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
- शहर अधिकतम न्यूनतम
- अंबाला 18.6 6.2
- भिवानी 21.6 5.9
- गुरुग्राम 19.3 7.1
- हिसार 19.8 4.7
- करनाल 17.8 4.0
- कुरुक्षेत्र 17.8 6.0
- नारनौल 21.0 4.0
- रोहतक 18.2 5.0
- सिरसा 18.7 5.1