चंडीगढ़ में सीएलटीए टेनिस एकेडमी में पांच नाबालिग टेनिस खिलाड़ियाें द्वारा तीन गर्ल्स खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांचों नाबालिग खिलाड़ी बीते करीब तीन महीने से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। आरोपी छुट्टी होने पर उनका पीछा भी करते थे। बचने के प्रयास के दौरान उन्होंने पीड़ित खिलाड़ियों को धमकी भी दी। मामला जब परिजनों के पास पहुंचा तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
जांच के बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस ने पांचों नाबालिग खिलाड़ियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (छेड़छाड़), 354ए (घूरना) 354डी (पीछा करना), 506 (धमकी देना) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहाली निवासी 15 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी सीएलटीए टेनिस एकेडमी में प्रैक्टिस करती है। उसके साथ दो अन्य लड़कियां भी प्रैक्टिस करती हैं। आरोप है कि बीते 22 जुलाई को एकेडमी में टूर्नामेंट के दौरान सीएलटीए के हॉस्टल में रहने वाले पांच नाबालिग टेनिस प्लेयर्स ने इन तीनों लड़कियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
इतना ही नहीं लड़कियों ने जब उनसे बचने का प्रयास किया तो वह धमकी देने लगे। परेशान होकर मोहाली निवासी पीड़िता ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुुंचा। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मोहाली निवासी शिकायतकर्ता पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से एकेडमी में प्रैक्टिस करने जाती है। इस दौरान दो अन्य 13-13 वर्षीय लड़कियां भी उसके साथ होती हैं। बीते 8 मई को भी इन नाबालिग खिलाड़ियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी।