देश के सात केंद्र शासित प्रदेशों में चंडीगढ़ को फर्स्ट टाइम वोटर्स को मतदाता सूची में जोड़ने में चौथा रैंक मिला है।
चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों में स्पष्ट है कि संशोधित मतदाता सूची में चंडीगढ़ में 18,170 फर्स्ट टाइम वोटर्स हैं। इनकी उम्र 18 से 19 वर्ष है। इनमें 11,593 पुरुष मतदाता हैं और 6,577 महिला मतदाता।
चुनाव आयोग की ओर से हाल ही में शहर की संशोधित मतदाता सूची जारी की गई है। इसमें 55,455 नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें से अधिकतर मतदाता 20 से 29 वर्ष के हैं।
चंडीगढ़ में मतदाताओं की संख्या अब 5,80,700 हो गई है। इनमें 20 से 29 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 1,59,043 है, जो शहर के कुल मतदाताओं का लगभग 27 फीसदी है।
वहीं पिछले वर्ष यह संख्या 1,53,626 थी। 30 से 40 साल तक के मतदाताओं की संख्या 1,47,957 है जो कि पिछले साल 1,41,649 थी। 40 से 49 साल तक 1,16,875 मतदाता हैं।
ध्यान रहे कि चुनाव आयोग ने एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर फर्स्ट टाइम वोटर्स के नाम मतदाता सूची में शामिल किए थे। आंकड़ों के अनुसार देशभर में 2.31 करोड़ फर्स्ट टाइम वोटर्स हैं।
चुनाव आयोग मतदाता सूची में अधिक से अधिक फर्स्ट टाइम वोटर्स को शामिल करने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या में और बढ़ोतरी होगी।