नियम तोड़ने पर चंडीगढ़ यातायात पुलिस चालान भेजकर चालकों से जुर्माने का भुगतान करवाती है, लेकिन अब यही चालान लोगों के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। वजह है यातायात पुलिस की तरफ से चालान भेजने में की जा रही गड़बड़ी। दरअसल, पुलिस ने एक ऐसे कार का जेब्रा क्रासिंग चालान भेज दिया, जो घर में खड़ी थी। वहीं, दूसरी तरफ, एक कार का एक ही समय में तेज रफ्तार का एक व दो हजार का दो अलग-अलग चालान काट दिया गया। परेशान वाहन मालिक ने अधिकारियों को शिकायत दी। यह तो वह मामले हैं, जो यातायात पुलिस के सामने आए हैं। वहीं, ऐसे न जाने कितने केस हैं, जिनके बारे में पता भी नहीं चल पाता है।
यातायात पुलिस की लापरवाही से खराब हो रहा रिकार्ड
धनास निवासी गुरपाल सिंह ने बताया कि बीते 8 सितंबर को उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि आपकी कार का चालान कटा है। मैसेज में दिए गए लिंक को खोलने पर पता चला कि कार का सेक्टर-33 में जेब्रा क्रासिंग का चालान काटा गया है। चालान की कॉपी में बाकायदा कार का नंबर लिखा था, लेकिन फोटो किसी और की थी। आरोप है कि उन्होंने अपनी कार कई दिन से इस्तेमाल नहीं की और वह घर में खड़ी है। इसके बावजूद चालान कट गया। उन्होंने सेक्टर-29 स्थित यातायात पुलिस लाइन में इसकी शिकायत की तो उनसे लिखित शिकायत लेकर कुछ दिनों में चालान हटाने का भरोसा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि यातायात पुलिस की लापरवाही की वजह से हमारी गाड़ी का रिकार्ड खराब हो रहा है।
कार बेचना न होता तो पता भी न चलता
मोहाली निवासी कविता बताती हैं कि उनके पास पंजाब नंबर की फीगो कार है। डाक द्वारा चिट्ठी आई कि उनकी कार का चंडीगढ़ की सेक्टर-40/55 विभाजित सड़क पर तेज रफ्तार का चालान काटा गया है। जब उन्होंने अपनी कार बेचनी चाही तो पता चला कि दो बार तेज रफ्तार का चालान कटा है। यह देखकर वह हैरान रह गईं। रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि एक ही समय में दो अलग अलग चालान काटे गए हैं। पहले चालान में 1 हजार व दूसरे में 2 हजार का जुर्माना लगाया गया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन में शिकायत दो तो पुलिस ने कहा कि 1 हजार जमा कर चालान का भुगतान करवा दो। गलती से ऐसा हो गया होगा। सवाल है कि पुलिस की गड़बड़ी की वजह से आम आदमी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
घर घर जाकर चालान वसूल रही पुलिस
बता दें कि शहर के अलग अलग लाइट प्वाइंट व चौक पर पुलिस ने हाईटेक कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा यातायात उल्लंघन सूचना पर्ची (टीवीआईएस) के जरिए पुलिस चालान काटती है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में करीब ढाई लाख चालान कटा है। पुलिस ने पेंडिंग पड़े चालानों के भुगतान के लिए एक टीम गठित की है, जो घर घर जाकर चालान का भुगतान करवाती है।
किस स्रोत से कितने चालान
चालान स्रोत चालान चालान का निपटारा कोर्ट भेजा लंबित
सीसीटीवी चालान 106634 33691 2741 70202
डिवाइस चालान 120016 107286 4766 7964
मैनुअल चालान 13580 6769 1888 4923
हमारी जानकारी में ऐसा नहीं है। अगर किसी के साथ ऐसा हुआ है तो उसे चेक करवा लिया लिया जाएगा। -पलक गोयल, डीएसपी एडमिन, यातायात पुलिस