चंडीगढ़। सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत परिसर में शनिवार को लोक अदालत लगाई गई। इस दौरान जजों की 13 बेंच ने 1136 मामलों का निपटान किया। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के जज और स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के चेयरमैन जसवंत सिंह ने अदालत में सभी बेंच का का दौरा किया। उन्होंने लोगों को लोक अदालत के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर 16 आपराधिक मामले, एनआईएक्ट की धारा 138 के तहत 590 मामले, मोटर एक्सीडेंट के 42 मामले, घरेलू हिंसा के 46 मामले के साथ अन्य केस निपटाए गए। परमानेंट लोक अदालत में 173 मामले निपटाए गए।
एक अधिकारी ने बताया कि अभी अदालतों में शारीरिक रूप से सुनवाई करना संभव नहीं है, इसलिए हर महीने लोक अदालत के माध्यम से लोगों की सहायता करने का प्रयास किया जाएगा। अब 14 अगस्त को लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोग मामला दर्ज करवा कर लोक अदालत का लाभ ले सकते हैं।
सेक्टर-18 स्थित ट्रिब्यूनल और लेबर कोर्ट में भी लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान मजदूरों से संबंधित 53 मामलों का निपटान किया गया। इस मौके पर अधिकारी अंशुल बेरी मौजूद रहे।