जीरकपुर का छतबीड़ जू अक्तूबर में पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। संक्रमण से बचाने के लिए सभी सुविधाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। ताकि घर बैठे पर्यटक पहले ही बुकिंग कर सकें। अभी तक एंट्री टिकट ही ऑनलाइन बुक किया जा रहा था।
छतबीड़ की एंट्री, पार्किंग, बैटरी आपरेटेड व्हीकल, शेर सफारी, साइकिल, वीडियो कैमरा, स्टिल कैमरा की बुकिंग अब ऑनलाइन होगी। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की बुकिंग भी कर सकते हैं। जिस कैंटीन में खाने के सामान की ऑनलाइन बुकिंग होगी, वहां जाकर पर्यटकों को बुकिंग नंबर बताना होगा, उसके बाद खाने पीने का सामान मिल जाएगा।
क्या कहते हैं डायरेक्टर
छतबीड़ के डायरेक्टर एम सुधागर ने बताया कि छतबीड़ में सैर सपाटे के लिए लोग देश विदेश से आते हैं। इसीलिए ऑनलाइन बुकिंग का विकल्प बेहतर साबित होगा। उम्मीद है कि छतबीड़ जू खुलने के बाद ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया के बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
फूड प्लाजा का भी उठाएं आनंद
छतबीड़ जू के बाहर तैयार फूड प्लाजा भी पर्यटन विभाग ने जू प्रशासन को सौंप दिया है। शाम छह बजे जू बंद हो जाने के बाद भी यहां रात 10 बजे तक पर्यटक खाने का आनंद उठा सकते हैं। इसमें चार काउंटर बनाए गए हैं। फूड प्लाजा की छत पर सीमेंट की कुर्सियों का निर्माण किया गया है, ताकि आप खुले आसमान के नीचे हरियाली के बीच खाने का लुत्फ उठा सकें।
लौटते वक्त स्वच्छ हवा और हरियाली के बीच चाय, कॉफी के साथ लजीज पकवानों का स्वाद भी चख सकते हैं। वन विभाग की ओर से फूड प्लाजा के आसपास सुरक्षा का भी पुख्ता प्रबंध किया जाएगा, ताकि देर रात तक रुकने में पर्यटकों को कोई परेशानी न हो।
यह भी देखें: हमारे यू्ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब भी करें-