नामांकन दाखिल करने पहुंचे मेयर अरुण सूद
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम के मेयर अरुण सूद की पत्नी के पास पति के मुकाबले में ज्यादा चल और अचल संपत्ति है। सूद ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया है उसमें अपनी वार्षिक कमाई जो आयकर रिर्टन के समय दिखाई गई है वह मात्र एक लाख 61 हजार 431 रुपये बताई है। जबकि पत्नी अंबिका सूद की सालना कमाई 10 लाख 82 हजार 801 रुपये है। पत्नी के पास 24 लाख (800 ग्राम) के सोने के आभूषण हैं। मेयर की पत्नी पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में डिप्टी एडवोकेट जनरल के पद पर तैनात हैं।
इसी तरह से मेयर अरुण सूद के नाम पर कोई कार भी नहीं है जबकि पत्नी के नाम पर दो गाड़ियां हैं। नामांकन में चल संपति की कुल कीमत मेयर ने 8 लाख 77 हजार बताई है जबकि पत्नी की कुल संपति की कीमत 46 लाख 45 हजार बताई है। पत्नी के नाम पर गाड़ी का लोन 5 लाख रुपये पेंडिंग है। मेयर के नाम देनदारी 15 लाख 12 हजार रुपये है जबकि पत्नी पर 20 लाख 12 हजार रुपये है।
मलिक सबसे अमीर दंपति, लग्जरी गाड़ियां भी
भाजपा के सबसे अमीर उम्मीदवारों में पूर्व मेयर राज बाला मलिक सबसे ऊपर हैं। मलिक दंपति करोड़पति हैं। नामांकन में पूर्व मेयर राज बाला मलिक ने जो जानकारी दी है उसमें उनके नाम पर एक मर्सडीज कार है, जबकि उनके पति एडवोकेट राम मलिक के नाम पर एक पजेरो और एक फार्च्यून गाड़ी है। मालूम हो कि मलिक के पति पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के मशहूर वकील हैं। पूर्व मेयर राज बाला मलिक के पास 18 और उनके पति के पास 22 लाख की चल संपत्ति है। पूर्व मेयर राज बाला मलिक के नाम पर 1 करोड़ 48 लाख और पति के नाम पर तीन करोड़ 26 लाख की अचल संपति है। पूर्व मेयर राज बाला मलिक के पास 9 लाख और पति राम मलिक के पास एक लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं। पूर्व मेयर राज बाला मलिक भी पेशे से वकील हैं। राज बाला मलिक ने बेटी को कवरिंग कैंडिडेट बनाया है।